रिंगनोद। राजगढ़-कुक्षी मार्ग स्थित ताराघाटी रोड के एक खतरनाक मोड़ पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और मारुति ईको कार की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के सदस्यों सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल राजगढ़ के कंचन अस्पताल पहुँचाया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बुरहानी कॉलोनी (कुक्षी) निवासी हैदर (20) पिता काईद जौहर के रूप में हुई है। साथ ही अली अजगर (24 वर्ष) स्थिति अत्यंत गंभीर, काईद जौहर (49 वर्ष), शकीरा (47 वर्ष) व हुसैन (कार चालक) को चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही रिंगनोद चौकी और सरदारपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर यातायात सुचारू कराया। पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की वैधानिक जांच जारी है।


















