सरदारपुर। ग्राम जोलाना में महान क्रांतिकारी टंट्या मामा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपी को सरदारपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। इधर, कांग्रेस द्वारा जारी धरना प्रदर्शन कि विधायक ने समाप्ति की घोषणा की हैं।
सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव ने बताया कि 29 जून को अज्ञात व्यक्ति द्वारा टंट्या मामा भील की प्रतिमा के दोनों हाथ क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। घटना की सूचना मिलने पर फरियादी राजेन्द्र गामड़ निवासी ग्राम गोलपुरा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था तथा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम द्वारा धार एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में तथा एएसपी विजय डावर एवं पारूल बेलापुरकर व एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तथा सतत पुलिस प्रयासों के आधार पर आरोपी कालु पिता नरसिंह मावी उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम नरसिंहदेवला को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में अंधेरे में कोई आदमी खड़ा है समझ कर डर के पत्थर मारना बताया है। आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक जगदीशचन्द्र निनामा व नवलसिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक शराफत हुसैन कुरैशी, प्रधान आरक्षक दिनेश बगडावत, गज्जुलाल वसुनिया, मोहनसिंह गामड़, आरक्षक सरदारसिंह डोडवे, प्रताप डोडियार (सूचना संकलन), विजेन्द्र डामोर, मनोज मुजाल्दे व दिनेश सैनानी का योगदान रहा हैं।
विधायक ने की धरना प्रदर्शन समाप्ति की घोषणा –
टंट्या मामा की प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी गिरफ्तार के बाद सरदारपुर विधायक प्रताप ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने वाले सभी सामाजिक संगठनों व पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा की यह कृत्य करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है इसलिए कांग्रेस द्वारा जारी धरना प्रदर्शन के समाप्ति की घोषणा करता हूं। दरअसल कांग्रेस द्वारा आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर अंबेडकर चौराहे पर क्रमिक धरना प्रदर्शन किया जा रहा था।

















