सरदारपुर। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने तेजाजी दशमी के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश में शासकीय अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
विधायक ग्रेवाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश में जाट समाज एवं अन्य श्रद्धालुओं द्वारा भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की दशमी, तेजाजी दशमी का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है। तेजाजी महाराज लोक आस्था, वीरता, वचनबद्धता एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेजाजी दशमी के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन, मेले तथा पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिक एवं श्रद्धालु शामिल होते हैं। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मुख्यमंत्री से प्रदेश की जनभावनाओं एवं जाट समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिवर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तेजाजी दशमी के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित करने तथा इस वर्ष 2026 में 21 सितंबर को शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। उक्त जानकारी विधायक कार्यालय से विष्णु चौधरी द्वारा दी गई।



















