पेटलावद। क्षेत्र की उभरती फिल्म निर्माण संस्था मन स्टूडियोज के बैनर तले जल्द ही छह प्रेरणादायक शॉर्ट फिल्मों की श्रृंखला दर्शकों के सामने आने वाली है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ पेटलावद के एक निजी विद्यालय परिसर में विधिवत श्री गणेश पूजन के साथ किया गया, जिसके साथ ही फिल्म की शूटिंग का भी शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर प्रोड्यूसर एवं एसोसिएट डीओपी मनीष अशोक पाटीदार (पेटलावद) ने बताया कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में यह उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि इन फिल्मों के माध्यम से केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी प्रयास किया जाएगा। फिल्मों में फिजूलखर्ची पर रोक, ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं, सामाजिक जागरूकता तथा युवाओं को प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
मनीष पाटीदार ने बताया कि कुल छह शॉर्ट फिल्मों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें अनुभवी कलाकारों के साथ-साथ क्षेत्र के प्रतिभाशाली स्थानीय कलाकारों को भी अभिनय का अवसर दिया गया है। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रशिक्षण एवं मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला का प्रदर्शन व्यापक स्तर पर कर सकें।
फिल्म के निर्देशक हरिओम शर्मा (मुंबई) ने बताया कि मन स्टूडियोज भविष्य में और भी बड़े प्रोजेक्ट लेकर आने की तैयारी कर रहा है। आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं और कलाकारों को टीवी सीरियल, विज्ञापन फिल्म से लेकर बड़े पर्दे तक पहुंचाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का बैकग्राउंड म्यूजिक, फोली एवं अन्य साउंड डिजाइन का कार्य जतिन परमार (जे.जे. म्यूजिक स्टूडियो, मुंबई) द्वारा किया जा रहा है। पेटलावद क्षेत्र से जुड़े कलाकार का इतने महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य से जुड़ना क्षेत्र के लिए गर्व और उपलब्धि का विषय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि पेटलावद तहसील झाबुआ जिले के अंतर्गत आती है, जो आदिवासी बहुल एवं पिछड़ा क्षेत्र माना जाता है। यहां अनेक ऐसी छिपी हुई प्रतिभाएं मौजूद हैं जिन्हें उचित अवसर और मंच नहीं मिल पाता। मन स्टूडियोज का यह प्रयास न केवल इन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्थानीय फिल्म उद्योग को नई दिशा देने और क्षेत्र में रचनात्मक रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाएं भी पैदा करेगा।
कार्यक्रम में निर्देशक हरिओम शर्मा, प्रोड्यूसर एवं एसोसिएट डीओपी मनीष पाटीदार, लाइन प्रोड्यूसर मुकेश नागर, डीओपी जी.डी. सिंह सहित सहयोगी टीम के सदस्य एवं कलाकार अमन दुबे (भोपाल), दीक्षा मिश्रा (भोपाल), सपना पंवार (भोपाल), गरिमा (इंदौर), अमित शर्मा (ग्वालियर), दिनेश धाकड़ (ग्वालियर), देवेंद्र (पेटलावद), फारूक कुरैशी (भोपाल), रामेश्वर काग (पेटलावद), मोहन परमार (पेटलावद), अनिल शर्मा, राजेश यादव, लोकेश भंडारी, दिलीप पाटीदार जी, अशोक पाटीदार, सुरेश प्रजापति तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह परियोजना क्षेत्र की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


















