राजगढ़। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजगढ़ पुलिस और खाद्य विभाग ने एक संयुक्त अभियान चलाया है। अभियान के तहत कस्बे की प्रमुख मिठाई और नमकीन दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया, जिससे खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस बल और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कस्बे के बाजारों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पड़ताल की। इस दौरान जोधपुर मिठाई एवं नमकीन दुकान, श्रीमाया होटल एवं महावीर होटल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दुकानों में रखी खाद्य सामग्रियों की बारीकी से जांच की और गुणवत्ता परखने के लिए उनके विभिन्न नमूने लेकर विधिवत सील किए, जिन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इस दौरान तहसीलदार प्रशस्ति सिंह जमरा सहित अन्य मौजूद रहे।


















