राजगढ़। धर्मनगरी राजगढ़ शनिवार को भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आई। श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर नगर के 13 मंदिरों में एक साथ पौथीजी की स्थापना हुई। मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन और आरती के बीच विधि-विधान से महापुराण की स्थापना के साथ ही नगर में भागवत महोत्सव का धार्मिक वातावरण बन गया। मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन शामिल हुए और आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। महोत्सव के तहत रविवार से नगर के सभी 13 मंदिरों में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रारंभ होगा।
श्री लालबाई फूलबाई मंदिर में कथापुराणी चंद्रप्रकाश दवे लाबरिया, राधाकृष्ण राजपूत समाज मंदिर में आचार्य कृष्णकांत उपाध्याय छड़ावद, तीन बत्ती स्थित श्रीराम मंदिर में पंडित सुनील शास्त्री भानगढ़, श्रीराम मंदिर दलपुरा में मधुसूदन शर्मा फूलगांवड़ी, श्री चारभुजा मंदिर में ज्योतिषाचार्य सुभाष शर्मा दत्तीगांव, श्री माताजी मंदिर में हेमंत भारद्वाज कथा का वाचन करेंगे। इसी प्रकार देववंशीय मालवीय लौहार समाज श्रीराम मंदिर में पंडित प्रकाश शर्मा सोनगढ़, मंडी प्रांगण स्थित श्री नागेश्वर महादेव मंदिर में पंडित अखिलेश शर्मा कंजरोटा, श्री राधाकृष्ण गवली समाज मंदिर में पंडित अभिमन्यु शर्मा सोनगढ़, सेन समाज मंदिर में शुभम शर्मा राजोद, श्रीआईमाता मंदिर में रवि शर्मा, श्री रामदेव मंदिर में अभिषेक व्यास बालौदा और श्री शंकर मंदिर मालीपुरा में पंडित आनंद तिवारी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
22 सितंबर को निकलेगी सामूहिक डोल यात्रा –
श्री चारभुजा युवा मंच के मीडिया प्रमुख प्रभुसिंह राजपूत ने बताया कि श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के तहत 22 सितंबर को मंच के नेतृत्व में नगर में सामूहिक डोल यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 23 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सामूहिक श्रीकृष्ण जन्म जुलूस निकाला जाएगा। महोत्सव के समापन अवसर पर 26 सितंबर को श्री चारभुजा युवा मंच के तत्वावधान में धर्मयात्रा का आयोजन किया जाएगा। धर्मयात्रा में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर श्री चारभुजा युवा मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आयोजकों ने नगरवासियों से महोत्सव के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।


















