राजगढ़। नगर के आदर्श सड़क स्थित जमाई कॉलोनी की गली में एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एमपीईबी कार्यालय के सामने जमाई कॉलोनी की गली में एक दुकानदार ने नवजात का शव पड़ा देखा। दुकानदार ने तत्काल आसपास के रहवासियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। राजगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और नवजात के शव को सिविल अस्पताल सरदारपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका पोस्टमार्टम किया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि नवजात शिशु के शरीर पर गर्भनाल लगी हुई थी, जिससे आशंका है कि बच्चे का जन्म कुछ ही घंटे पहले हुआ होगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।


















