राजगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के अंतिम दिन सोमवार को पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मां की आराधना के तहत आयोजित भव्य महाआरती में 1008 दीपकों के साथ 1 लाख 8 हजार 864 बत्तियां प्रज्वलित की गईं। इस दौरान विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बंद रखी गई, जिससे दीपों की अलौकिक रोशनी में नहाया मंदिर परिसर अत्यंत मनोहारी और आकर्षण का केंद्र बन गया। श्रद्धालु देर तक इस दिव्य दृश्य को निहारते रहे। नवरात्रि के समापन अवसर पर गरबा पंडालों में भी भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। सोमवार रात से शुरू हुए गरबा आयोजन मंगलवार सुबह तक अनवरत चलते रहे।

लकी ड्रॉ के जरिए मिला मां की आरती का सौभाग्य –
मंदिर परिसर में श्री गणपति अंबिका युवा मंच द्वारा एक लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से चयनित भाग्यशाली श्रद्धालुओं को माताजी की आरती करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान ज्योतिषाचार्य पुरुषोत्तमजी भारद्वाज के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न कराए गए।

प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद –
इस पावन अवसर पर झाबुआ एसपी देवेंद्र पाटीदार, सरदारपुर एसडीएम अजमेर सिंह गोड़, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, तहसीलदार महेश सिंह सोलंकी और थाना प्रभारी समीर पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर युवा मंच के अध्यक्ष अमित कमेडिया ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


















