सरदारपुर। सरकारी टीचर पर हमला करने का मामला सामने आया हैं, पीड़ित टीचर का बेटा गांव की ही विवाहित महिला को लेकर भाग गया था। इसी बात पर नाराज होकर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने सरकारी टीचर के कपड़े भी फाड दिए। साथ ही घर में भी तोडफोड कर नुकसान पहुंचाया हैं, आरोपियों ने शिक्षक रमेश पिता पुनाजी प्रजापत उम्र 54 साल को जान से मारने की धमकी दी है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार सुबह पुलिस ने गांव में दबिश दी तथा हमला करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, इधर देर शाम तक पुलिस प्रकरण को लेकर आरोपियों से थाने पर पूछताछ कर रही है। जल्द ही आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।

यह था मामला –
राजोद थाना अंतर्गत ग्राम रानीखेडा निवासी रमेश प्रजापत के घर पर कल देर रात हमला हुआ था। दरअसल रमेश का बेटा आरोपी शांतिलाल की पत्नी को लेकर कुछ दिन पहले भाग गया था, महिला के पहले से ही दो बच्चें है। इसके बावजूद शिक्षक के बेटे के साथ भाग गई। विवाद के दौरान आरोपी शांतिलाल परिजनों के साथ शिक्षक के घर पहुंचा व महिला ज्योति को ले जाने की बात पर मारपीट की थी। आरोपियों ने लोहे के सरिये से शिक्षक की पत्नी ग्यारसीबाई पर हमला किया था। आरोपियों ने दरवाजे व खिडकी तोडकर घर में नुकसान भी पहुंचाया था। पुलिस ने शांतिलाल पिता भागीरथ, संजय पिता रतनलाल, शंकर पिता भागीरथ, कन्हैरयालाल पिता गणपत, राहुल पिता रमेश, राजाराम पिता नारायण, भेरु पिता माधु, ग्यारसीबाई, गुडडीबाई के खिलाफ मारपीट, बलवा सहित तोडफोड की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
सरकारी टीचर पर हुए हमले के प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के निर्देशन व थाना प्रभारी रामसिंह राठौर पुलिस टीम को लेकर गांव पहुंचे व आरोपियों को उनके घरों से अरेस्ट कर थाने पर लेकर आए है।

महिला की तलाश जारी –
शांतिलाल की पत्नी ज्योति को शिक्षक रमेश का बेटा राहुल प्रजापत 25 अप्रैल को लेकर भाग गया था। राहुल व ज्योति दोनों के दो-दो बच्चे हैं, विवाहित होने के बावजूद दोनों गांव छोड़कर चले गए। राजोद पुलिस ने महिला के गुम होने की सूचना के बाद ज्योति की तलाश शुरु कर दी हैं, किंतु एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद राहुल व ज्योति की कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। विवाहित महिला को भगाकर ले जाने की बात पर ही आरोपियों ने शिक्षक परिवार पर हमला किया था।
राजोद थाना प्रभारी रामसिंह राठौर ने बताया कि शिक्षक रमेश प्रजापत पर हमला हुआ था। घर पर तोडफोड भी हुई हैं, पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को राउंडअप कर लिया है। महिला को भगाकर ले जाने की बात पर आरोपियों ने विवाद किया था। ज्योति नाम की महिला की तलाश जारी है।

















