विनोद सिर्वी @ धुलेट। बस स्टैंड धुलेट पर एक बार फिर सड़क हादसे का केंद्र बन गया। बुधवार को 2 बाईक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोकावध (काली देवी) से कालू भूरिया, उनकी पत्नी कालीबाई व दामाद मुकेश पटेल मोटरसाइकिल से मोहनखेड़ा में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कालीबाई ने बताया कि इसी दौरान धुलेट की ओर से क्रॉसिंग कर रहे बाइक क्रमांक एमपी 09 जेडजी 5442 पर सवार नानका और आकाश मेडा, जो देपालपुर निवासी बताए जा रहे हैं, भूरा डाबरा में विवाह कार्यक्रम में जा रहे थे। तभी दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय रहवासियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को सड़क से हटाया और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें कालू भूरिया और नानका को गंभीर चोटें आई हैं। कालू भूरिया के पैर की हड्डी टूटकर बाहर आ गई, जबकि नानका के सिर पर गंभीर चोट आई है। अन्य दो घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
लगातार हादसों का कारण बन रहा बस स्टैंड –
धुलेट बस स्टैंड पर आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। ट्रक चालक अमृत मिणा (राजस्थान) ने बताया कि इस मार्ग पर बने स्पीड ब्रेकर पर संकेतक नहीं लगे हैं, जिससे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इसके कारण पीछे से आने वाले वाहन टकरा जाते हैं और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सर्विस रोड पर बने स्पीड ब्रेकर क्रॉसिंग से काफी दूर हैं, जिससे वाहन चालक वहां तक पहुंचते-पहुंचते फिर तेज गति पकड़ लेते हैं और हादसे हो जाते हैं।
प्रशासन से उठी सख्त मांग –
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि धुलेट बस स्टैंड पर उचित संकेतक, चेतावनी बोर्ड और क्रॉसिंग के पास स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


















