संतो की मौजूदगी में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ ही निःशुल्क सामुहिक विवाह भी होगा आयोजित
राजगढ़। धर्मनगरी राजगढ़ में कल सोमवार से धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू होने वाला हैं। नगर के सोसायटी ग्राउंड पर श्रीराम कथा के साथ ही विभिन्न धार्मिक आयोजन श्री महावीर हनुमान गौशाला मंदिर ट्रस्ट मोयाखेड़ा एवं संत रविदास ट्रस्ट मंडल राजगढ़ द्वारा सर्व समाज के सहयोग से होंगे। आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न संतो की उपस्थिति रहेगी। वही निःशुल्क सर्व समाज सामुहिक विवाह का आयोजन भी संपन्न होगा।
कलश यात्रा के साथ होगा धार्मिक आयोजनों का आगाज –
सोमवार को प्रातः 9 बजे राजगढ़ के पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन होगा। 1100 कलश के साथ निकलने वाली इस भव्य कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। साथ ही सिंगेश्वर धाम के काशीगिरी जी महाराज के परम शिष्य महंत श्री रामेश्वरगिरिजी महाराज, रामपालकी धाम के सर्वेश्वरदासजी महाराज के परम शिष्य प्रेमदासजी महाराज, श्री महावीर हनुमान गौशाला मोयाखेड़ा के प्रेरणादायक ब्रम्हलीन संत श्री रामशंकर दास जी महाराज के शिष्य गौशाला संथापक महंत श्री रामप्रकाशदास जी महाराज, मोहनखेड़ा तीर्थ के दादा गुरुदेव राजेन्द्र सूरीश्वरजी म.सा. के उपासक संत श्री जीतचन्द्र विजय जी महाराज साहब सहित अनेक संत यात्रा में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैंड बाजा के साथ माताजी मंदिर से कलश यात्रा आरंभ होकर कार्यक्रम स्थल मार्केटिंग सोसायटी पहुंचेगी। इस यात्रा के पश्चात से धार्मिक कार्यक्रमों का कम आरंभ होगा।

कथा के लिए बनाया विशाल पांडाल –
श्री राम कथा को लेकर मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पर करीब 1500 स्क्वेयर फिट का वातानुकूलित पंडाल बनाया गया है यहां माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम जी भारद्वाज के मुखारविंद से कल 4 मई से श्रीराम कथा आरंभ होकर 12 में तक चलेगी। श्रद्धालु इस कथा का लाभ दोपहर 12.30 से शाम 4 बजे प्रतिदिन ले सकेंगे। आयोजन समिति ने भीषण गर्मी को देखते हुए कथा श्रवण करने वाले श्रद्धालुओ के लिए कूलर, डंडे पानी व मौसम अनुसार अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। वही प्रतिदिन शाम को भंडारे का आयोजन भी होगा।
संत कमल किशोर नागर भी होंगे शामिल –
आयोजन समिति के लक्ष्मण डामेचा ने बताया कि विशाल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। श्रीराम कथा के दौरान मालवा माटी के प्रसिद्ध संत कमल किशोर जी नागर व उनके पुत्र प्रभुजी नागर भी शामिल होंगे। आयोजन के तहत 8 से 12 मई तक श्रीराम नाम जप महायज्ञ प्रातः 8.30 से 11.30 बजे तक होगा। वही 13 मई को सर्व समाज निःशुल्क सामुहिक विवाह सम्मेलन तथा भव्य नगर चौरासी का आयोजन भी संपन्न होगा। आयोजन में शामिल होने हेतु क्षेत्रभर के संतों को आमंत्रित किया गया है साथ ही सभी धर्मप्रेमी जनता से भी कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की हैं।

















