सरदारपुर। धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने शनिवार को सरदारपुर तहसील में सरदारपुर, बड़वेली व राजगढ़ में भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यो का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने सबसे पहले ग्राम बड़वेली में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि यह विद्यालय 480 विद्यार्थियों की क्षमता का होगा, जहाँ उन्हें आधुनिक हॉस्टल, भोजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के लिए आवास जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी। वर्तमान में 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें मुख्य रूप से फिनिशिंग, दरवाजे और नल फिटिंग का कार्य शेष है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को अगले दो महीनों के भीतर कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर हैंडओवर करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट किया कि जब तक नया भवन पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक बच्चों की कक्षाएं ईएमआरएस बड़वेली स्कूल में ही संचालित की जाएंगी।

आईटीआई कौशल कॉलेज पहुंचे कलेक्टर –
शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उपरांत कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने आईटीआई कौशल कॉलेज सरदारपुर का भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों से आत्मीय संवाद किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने ड्राइंग एवं फिटिंग कार्यशाला, वेल्डिंग कार्यशाला, एडवांस CNC एवं फैब्रिकेशन लैब, 3D प्रिंटिंग एवं AutoCAD लैब, इलेक्ट्रॉनिक्स कक्षा तथा छात्र परिसर एवं अन्य प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न ट्रेडों के विद्यार्थियों से उनकी तकनीकी शिक्षा, प्रायोगिक प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं रोजगार की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने संस्थान की आधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण व्यवस्था एवं शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार, तकनीकी दक्षता तथा निरंतर कौशल विकास के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।

सिविल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण –
कलेक्टर ने सरदारपुर स्थित सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहां उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ की उपलब्धता की सघन जांच की। कलेक्टर ने ओपीडी काउंटर, पैथोलॉजी लैब, एनआरसी (NRC) और विभिन्न वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया और अस्पताल में साफ-सफाई व दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजगढ़ भी पहुंचे कलेक्टर –
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय कन्या शिक्षा परिसर राजगढ़ का निरीक्षण किया। संस्था की प्राचार्य ने अवगत कराया कि यहाँ 245 बालिकाएं अध्ययनरत हैं, जो वर्तमान में आश्रम शाला की बिल्डिंग में रह रही हैं। कलेक्टर ने दसवीं कक्षा की बालिकाओं से चर्चा कर जाना कि वे छठी कक्षा से ही इस परिसर में शिक्षा ले रही हैं। प्राचार्य ने बताया कि पिछले वर्ष दसवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जिस पर कलेक्टर ने सराहना व्यक्त की । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कुछ कक्षाएं एक साथ संचालित की जा रही थीं, जिस पर उन्होंने कक्षाओं को अलग-अलग संचालित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के दृष्टिगत कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों और मुख्य द्वार पर गार्ड की तैनाती की जानकारी ली गई। वहीं, संस्था द्वारा गैस कनेक्शन में आ रही समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारी को समस्या का निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर के दौरे के दौरान सरदारपुर एसडीएम सलोनी अग्रवाल, तहसील मुकेश बामनिया, नायब तहसीलदार केएस वास्केल, बीईओ विष्णु रघुवंशी, मंडल संयोजक प्रकाश पँवार, बीआरसी महेंद्र सोलंकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।


















