राजगढ़। नगर के पंचधाम एक मुकाम स्थित श्री माताजी मंदिर परिसर में मंगलवार को स्वर्गीय श्री मुरारीलाल जी भारद्वाज एवं पं. कृष्ण शर्मा गोकुल की पुण्य स्मृति में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेत्र रोग, स्त्री रोग, मोतियाबिंद निवारण, लैंस प्रत्यारोपण तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 322 मरीजों ने पंजीयन कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर का आयोजन अखिल भारतीय ब्राम्हण समाज एवं गोविंद माधव परिवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य शास्त्री, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एल. जैन, थाना प्रभारी समीर पाटीदार एवं ब्राम्हण समाज अध्यक्ष संजय जोशी लाला ने फीता काटकर किया। शिविर में 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं जांच के दौरान 50 से अधिक मरीजों में मोतियाबिंद पाए जाने पर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए इंदौर भेजा गया।

इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज ने कहा कि गुरुदेव मुरारीलाल जी भारद्वाज ने अपना संपूर्ण जीवन गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित किया। सेवा और समर्पण ही उनका मूल मंत्र था तथा उनके कार्य समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य शास्त्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गुरुदेव की स्मृति जीवंत बनी रहती है और समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, थाना प्रभारी समीर पाटीदार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एल. जैन, राजेंद्र दुबे, डॉ. आशीष वैद्य एवं समाज संरक्षक राकेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सेवा देने वाले चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका बहुमान किया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, नेत्र चिकित्सा सहायक सतीश पराशर एवं ममता पराशर, प्रमोद शर्मा, आशीष शर्मा, चंदन शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, गोपाल जोशी, राधेश्याम व्यास, विपिन पांडेय सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।



















