उज्जैन में होमस्टे संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित हुई कार्यशाला : 360 हितग्राहियों ने की सहभागिता

प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रतिभागियों को मिली होम स्टे संबंधी जानकारी, पंजीयन प्रक्रिया, पंजीयन अर्हताएं, पंजीयन के लाभ की जानकारी

उज्जैन। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम तथा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में होमस्टे योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश में होमस्टे संस्कृति को बढ़ावा देना, स्थानीय परिवारों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं आत्मीय आतिथ्य का अनुभव उपलब्ध कराना था। कार्यशाला के प्रति विभिन्न वर्गों में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला। इस दौरान 360 होम स्टे धारक एवं इच्छुक हितग्राहियों ने सहभागिता की।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा उज्जैन सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवास सुविधाओं का विस्तार तथा स्थानीय नागरिकों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से आज होम स्टे योजना के प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को होम स्टे योजना से जोड़कर पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देना और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को सशक्त बनाना है।

होमस्टे योजना आतिथ्य क्षेत्र से जुड़ने का सरल एवं प्रभावी माध्यम

कार्यशाला में पर्यटन, राजस्व, नगरीय प्रशासन, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, स्थानीय स्वयंसेवी संस्था तथा निजी संपत्तिधारकों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को ‘मध्यप्रदेश होम स्टे योजना’ की विस्तृत जानकारी, योजना के महत्व, आवेदन एवं पंजीयन की सरल प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक अर्हताओं, योजना से मिलने वाले आर्थिक एवं व्यावसायिक लाभों तथा पंजीयन की जानकारी दी गई । उज्जैन के ऐसे नागरिक जिनके घर में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हैं या जो मध्यप्रदेश होम स्टे योजना की पात्रता पूरी करते हैं, वे इस योजना में पंजीयन कर पर्यटन से जुड़कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।

होमस्टे योजना बनेगी आजीविका का सशक्त माध्यम

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के कौशल प्रकोष्ठ के संचालक डॉ. डी.पी. सिंह ने बताया कि पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित होमस्टे, फार्मस्टे, ग्रामस्टे तथा बेड एंड ब्रेकफास्ट योजनाएं आम नागरिकों को पर्यटन उद्योग से जोड़ने का सशक्त अवसर प्रदान कर रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग तथा विभिन्न वित्तीय प्रावधानों का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज ने कहा कि सरकार होमस्टे योजना के माध्यम से नागरिकों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन जैसे पवित्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगर में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के साथ आत्मीयता, विश्वास और अपनत्व का व्यवहार स्थापित करना आवश्यक है। यदि पर्यटकों को घर जैसा वातावरण और उत्कृष्ट आतिथ्य मिलेगा तो वे भविष्य में भी यहां आना पसंद करेंगे, जिससे होमस्टे संचालकों को स्थायी आजीविका एवं नियमित आय का अवसर प्राप्त होगा।मेक माय ट्रिप की बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर सुश्री इशिता जोशी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से होमस्टे की ऑनलाइन बुकिंग, प्रभावी प्रस्तुतीकरण, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं तथा पर्यटकों की अपेक्षाओं के अनुरूप आतिथ्य विकसित करने की जानकारी दी।

होम स्टे परियोजना के लाभ

होम स्टे परियोजना स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का एक प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से अपने घर के अतिरिक्त कक्ष का उपयोग कर नियमित आय अर्जित की जा सकती है। यह योजना स्थानीय संस्कृति, खान-पान, वेशभूषा, भाषा और परंपराओं को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करती है, जिससे सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है। साथ ही, यह तेजी से विकसित हो रहे पर्यटन उद्योग से जुड़ने और मध्यप्रदेश पर्यटन के साथ सहभागिता का अवसर भी देती है। गृहिणियाँ, सेवानिवृत्त व्यक्ति, डॉक्टर, शिक्षक, पूर्व सैनिक, अधिकारी तथा अन्य नागरिक भी अपने घर से ही होम स्टे संचालित कर सम्मानजनक अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास को भी गति मिलती है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!