नरेन्द्र पंवार @ दसाई। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार गणेश विसर्जन की रात्रि में नगर में झिलमिलाती रोशनी से सजी आकर्षक झांकियों का भव्य कारवां निकाला गया। झांकियों का शुभारंभ अम्बिका माता मंदिर से हुआ, जो अलसुबह तक नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। झांकियों को देखने के लिए दसाई सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। गंगाजलिया में रविवार सुबह करीब 5 बजे भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान नगर में उत्सव का माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।

आकर्षण का केंद्र रहीं विभिन्न झांकियां –
लालबाई-फूलबाई माता मंदिर उत्सव समिति द्वारा “शंकर जी का डमरू बाजे, पार्वती का नंदन नाचे” पर आधारित मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर धाम सेवा समिति द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित झांकी निकाली गई। चंदन बावड़ी हनुमान मंदिर गणेश उत्सव समिति द्वारा गणगौर माता पर आधारित झांकी प्रस्तुत की गई,वीर तेजाजी युवा मित्र गणेश उत्सव समिति द्वारा “अलख निरंजन” पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मालवा के बालाजी गणेश उत्सव समिति द्वारा खाटू श्याम जी पर आधारित झांकी निकाली गई। अम्बिका माता मंदिर गणेश उत्सव समिति द्वारा कृष्ण-सुदामा मिलन एवं महिषासुर वध पर आधारित झांकी प्रस्तुत की गई। गणेश मंदिर गणेश उत्सव समिति, तोरण दरवाजा द्वारा राधा-कृष्ण पर आधारित सुंदर झांकी निकाली गई। खोखा माता मंदिर गणेश उत्सव समिति द्वारा अहंकारी रावण पर आधारित झांकी प्रस्तुत की गई।

इनके अलावा करीब आठ से अधिक आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। झांकियों के कारवां के आगे अखाड़ों के पहलवानों ने विभिन्न करतब दिखाए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। नगर में विभिन्न झांकी समितियों का ग्राम पंचायत, भाजपा, कांग्रेस सहित अनेक सामाजिक एवं सार्वजनिक मंचों द्वारा स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्सव और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।





















