राजगढ़। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की नवसूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारी संयुक्त मोर्चा और वाल्मीकि सेना के बैनर तले सफाई कर्मचारी परिषद परिसर में धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
सफाई कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। मुख्य मार्गों के साथ कॉलोनियों और अन्य क्षेत्रों में भी तीन दिनों से कचरा उठाव नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं। बस स्टैंड, राजेंद्र द्वार, चौपाटी और सुभाष मार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर सड़कों किनारे जमा कचरा फैलने लगा है। इससे लोगों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, नगर की नियमित सफाई व्यवस्था में सफाई कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों के एक साथ हड़ताल पर चले जाने के कारण कचरा संग्रहण और सड़कों की सफाई का काम प्रभावित हुआ है। बरहाल, कर्मचारियों के धरने के चलते परिषद के सामने भी सफाई व्यवस्था को लेकर चुनौती बनी हुई है।
इधर, रविवार से नवरात्रि महोत्सव शुरू होने जा रहा है। ऐसे में आगामी दिनों में शहर के प्रमुख मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। यदि हड़ताल जारी रहती है तो नवरात्रि के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। लिहाजा, त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था को लेकर नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है।कर्मचारियों का कहना है कि नवसूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

















