राजगढ़। नगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर परिसर में हर्षोल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शारदीय नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ ही नौ दिवसीय इस महापर्व का आगाज हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव की शुरुआत श्री गणपति अम्बिका युवा मंच के तत्वावधान में निकाली गई ज्योति कलश यात्रा से हुई। मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज के सान्निध्य में यह यात्रा संपन्न हुई। यात्रा में घट स्थापना के मुख्य लाभार्थी श्री राज ऋषभ ग्रुप के सदस्य अपने हाथों में पवित्र ज्योति और कलश थामे नजर आए। इसके अलावा श्री गणपति अम्बिका युवा मंच के अध्यक्ष अमित कमेडिया, समिति के तमाम सदस्य और महिला मंच की मातृशक्ति भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। यह यात्रा श्री माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में पूर्ण हुई। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया।
माता की प्रतिमा का हुआ भव्य आगमन –
विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए जब ज्योति कलश यात्रा नगर के बस स्टैंड पर पहुँची, तो वहाँ मंदिर परिसर में स्थापित की जाने वाली आद्य शक्ति माँ दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा का भव्य आगमन हुआ।
माता के स्वागत में जोरदार आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच माता की प्रतिमा को पूरे हर्षाेल्लास के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश कराया गया। इस भव्य दृश्य ने उपस्थित सभी भक्तों का मन मोह लिया।
9 दिनों तक गूंजेंगे पारंपरिक गरबे –
श्री गणपति अम्बिका युवा मंच द्वारा आयोजित किए जा रहे इस शारदीय नवरात्रि महोत्सव का यह 36वां वर्ष है, जो इसकी भव्यता और परंपरा को दशार्ता है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग लाभार्थी परिवारों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता की महाआरती में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। वही गुजरात राज्य के दाहोद के प्रसिद्ध मेलोडी ग्रुप के जाने-माने गायक कलाकारों द्वारा प्रतिदिन पारंपरिक और आधुनिक गरबा गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


















