सरदारपुर। किसानों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा गुरुवार, 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से स्थानीय एसडीएम कार्यालय परिसर में शुरू होगा।
यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आंदोलन के माध्यम से शासन-प्रशासन के समक्ष किसानों की प्रमुख समस्याएं रखी जाएंगी। मुख्य मांगों में क्षेत्र के 66 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा-माही लिंक परियोजना का पानी शीघ्र उपलब्ध कराना और योजना से वंचित रह गए शेष गांवों को इसमें जोड़ना शामिल है। इसके अतिरिक्त, पूरे धार जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और बैंकों द्वारा किसानों से की जा रही ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
जिलाध्यक्ष सोलंकी ने क्षेत्र के समस्त किसानों से अपील की है कि वे अपने हक की इस लड़ाई में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धरना प्रदर्शन को सफल बनाएं।

















