सरदारपुर। तहसील विधिक सेवा समिति सरदारपुर द्वारा ‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत सब जेल सरदारपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष हेमंत कुमार यादव एवं तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश अब्दुल अहमद ने जेल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर के दौरान न्यायाधीशों ने जेल में निरुद्ध समस्त बंदियों से सीधा संवाद किया। उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने सजायाफ्ता बंदियों की अपील की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही, ऐसे बंदी जिनकी जमानत मंजूर हो चुकी है लेकिन जमानतदार के अभाव में रिहा नहीं हो पा रहे हैं, तथा जो जुर्माने की राशि जमा न कर पाने के कारण अतिरिक्त सजा भुगत रहे हैं, उनका विवरण भी जुटाया गया।
स्वास्थ्य व भोजन व्यवस्था परखी, मौके पर किया निराकरण –
न्यायाधीशों ने बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, रहने की व्यवस्था और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली पेशी के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान बंदियों ने अपने प्रकरणों से जुड़ी समस्याएं भी रखीं, जिनका न्यायाधीशों ने मौके पर ही निराकरण कर आवश्यक कानूनी सुझाव दिए। इसके पश्चात संपूर्ण जेल परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण एवं शिविर के दौरान सहायक जेल अधीक्षक संजय कुमार परमार, प्रमुख मुख्य प्रहरी प्रेमसिंह डावर, वारंट शाखा प्रभारी सियाराम लिमनपुरे, तकनीकी सहायक दुर्गाशंकर मरोला, स्थापना शाखा प्रभारी धर्मेंद्र आर्वे, प्रहरी आरती डावर सहित जेल का स्टाफ मौजूद रहा।


















