सरदारपुर में जनजाति विकास मंच ने तहसीलदार को सौपा ज्ञापन : कुक्षी तहसील के तीन छात्रावास अधीक्षकों के विरुद्ध जारी नोटिस निरस्त करने की मांग रखी, उग्र आंदोलन और भूख हड़ताल की दी चेतावनी

सरदारपुर। जनजाति विकास मंच सरदारपुर द्वारा बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के नाम तहसीलदार महेश सिंह सोलंकी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कुक्षी विधायक के कथित राजनीतिक दबाव में आकर तीन जनजातीय छात्रावास व आश्रम अधीक्षकों के खिलाफ जारी किए गए द्वेषपूर्ण और एकतरफा कारण बताओ सूचना पत्र को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि धार जिले के विकासखंड डही अंतर्गत जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित बड़वानिया आश्रम के अधीक्षक नागर अलावा, नायकड़ा छात्रावास के भीकूसिंह रावत तथा फिरेगा आश्रम के नाथूसिंह गोरके पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और शालीनता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद, उन्हें सेवा से पृथक करने और निलंबित करने की धमकी देते हुए एकतरफा कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

मंच ने मांग की है कि कुक्षी विधायक के राजनीतिक दबाव और दुर्भावना के तहत जनजातीय कर्मचारियों के खिलाफ जारी किए गए इन तीनों नोटिसों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही, जनजाति विकास मंच की बैठक में शामिल होने वाले कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने और उनके विरुद्ध रचे जा रहे षड्यंत्र पर अविलंब रोक लगाई जाए।

पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन नोटिसों को निरस्त नहीं किया गया, तो जनजाति विकास मंच और जनजाति समाज द्वारा चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन का वाचन राहुल भूरिया ने किया। इस अवसर पर मंच के ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम परमार, केशव बघेल जिला युवा प्रमुख, मुकेल बघेल, भूरालाल गुंडिया, राजेश मेडा, किशोर सिंगार, रोहन मावी, सत्यनारायण मकवाना, प्रभु मावी, धर्मेन्द्र मंडलोई, भूपेन्द्र भूरिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!