लोकार्पण के एक माह बाद भी 66 गांवों में नहीं पहुंचा नर्मदा का पानी, भड़के किसान: सरदारपुर में विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने सौंपा ज्ञापन, 4 दिन में पानी नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी, विधायक बोले – किसानों से माफी मांगे मुख्यमंत्री

सरदारपुर। नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-सरदारपुर माइक्रो सिंचाई परियोजना के तहत खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों का आक्रोश फूट पड़ा है। बुधवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में 66 गांवों के सैकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार महेशसिंह सोलंकी और नर्मदा घाटी विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री आलोक चौबे को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपते हुए विधायक प्रताप ग्रेवाल ने प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ छलावा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 2023 तक पूरा होना था, लेकिन यह आज भी अधूरी है। बीती 24 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदारपुर में इसका लोकार्पण करते हुए 66 गांवों को सिंचाई का पानी देने और नर्मदा-माही के मिलन की बात कही थी। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा कर किसानों ने प्रति हेक्टेयर करीब 25 हजार रुपये खर्च कर हजारों हेक्टेयर भूमि में फसलों की बुवाई कर दी। लेकिन लोकार्पण के एक माह बाद भी न तो खेतों तक पानी पहुंचा है और न ही माही नदी में जल प्रवाह हुआ है। उन्होंने कहा कि अधूरे वादे के लिए मुख्यमंत्री को किसानों से माफी मांगनी चाहिए।

लापरवाही और तकनीकी खामियों का आरोप –
विधायक ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पाइपलाइन बिछाने में बरती गई लापरवाही, अधूरे निर्माण कार्य और तकनीकी खामियों के कारण किसान पानी के लिए तरस रहे हैं।
ज्ञापन में मांग रखी गई कि सभी 66 गांवों तक नर्मदा जल पहुंचाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर तत्काल जल प्रवाह शुरू किया जाए, परियोजना के सभी पंप तत्काल चालू किए जाएं, जिन गांवों के तालाबों तक मेन लाइन से पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां तत्काल सब-लाइन शुरू की जाए तथा पानी के अभाव में किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। विधायक ग्रेवाल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी चार दिनों के भीतर किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो क्षेत्र में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरेन्द्रसिंह पटेल, रतनलाल पड़ियार, भेरूसिंह बड़गोता, रविन्द्र पाटीदार, भीमालाल चौधरी, दिनेश चौधरी, सुभाष पटेल, चन्दरसिंह पटेल, कमलकिशोर वैष्णव, नरेन्द्रसिंह गलुण्डा, बद्रीलाल पाटीदार, मयाराम मेड़ा, ओमप्रकाश पाटीदार, शांतिलाल पाटीदार, ब्रजेश ग्रेवाल, पंकज पाटीदार, राजकुमार सिंगार, प्रभुलाल जाट, झनक पाटीदार, सरदार कटारा, दशरथ पाटीदार, मनोज पाटीदार, बबलू डावर, गुलाबसिंह अजनार, अशोक पाटीदार, मोहित जाट, आत्माराम सिंगार, अरुण मारू, गोपाल पटेल, सोमा कटारा, राजेसिंह भूरिया, सुयश वैष्णव, राहुल शर्मा, सोनू रघुवंशी, संजय वैष्णव, अम्बर गर्ग और गोविन्द मारू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

इधर, नर्मदा घाटी विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री आलोक चौबे ने कहा कि परियोजना का संचालन प्रारंभ कर दिया था लेकिन कुछ तकिनी समस्याओं के कारण पंपिंग रोकनी पड़ी थी। अब उसे दुरुस्त कर दिया है, शाम तक पानी का वितरण प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को पानी देने के लिए विभाग प्रतिबद्ध हैं।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना: शुभारंभ के एक माह बाद भी 98 प्रतिशत खेत सूखे, 66 गांवों की 25 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित करने का था लक्ष्य, वाल्व में अब तक नहीं आया पानी, विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में मंगलवार को ज्ञापन सौंपेंगे किसान

Read More »
error: Content is protected !!