सरदारपुर। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन हाईवे पर रात के अंधेरे में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम भेरुचौकी के पास कार का पंचर टायर बदल रहे इंदौर के एक कपड़ा व्यापारी और उनके ड्राइवर पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाश करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कार्यक्रम में शामिल होने गुजरात जा रहे थे व्यापारी –
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर के कपड़ा व्यापारी हर्ष संगतानी पिता विनोद संगतानी अपने चालक शोएब हुसैन के साथ कार से गुजरात में एक परिचित के यहाँ आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रात के समय हाईवे पर ग्राम भेरुचौकी के समीप अचानक उनकी कार का टायर पंचर हो गया। हर्ष और ड्राइवर शोएब फोरलेन किनारे कार रोककर जैसे ही टायर बदलने लगे, तभी वहां तीन अज्ञात बदमाश आ धमके। बदमाशों ने आते ही व्यापारी और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने व्यापारी के पास मौजूद सोने के जेवरात और नकदी लूट ली और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
फरियादी हर्ष संगतानी ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उनके पास से 3 लाख 30 हजार रुपए की सोने की चेन, 50 हजार रुपए की सोने की बाली, 4 लाख रुपए का सोने का कड़ा और बैग में रखे 10 हजार रुपए नकद लूट लिए। लूटे गए सोने के आभूषण और नकदी की कुल कीमत करीब 7 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है।
लूट की इस खौफनाक वारदात के बाद व्यापारी इतना सहम गया कि वह पुलिस के पास जाने के बजाय सीधे गुजरात पहुंच गया। वहां जाकर उसने अपने रिश्तेदारों को घटना की पूरी जानकारी दी। गुजरात से लौटने के बाद व्यापारी ने सरदारपुर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया। हाईवे पर हुई लूट की इस बड़ी वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी सचिन शर्मा ने तत्काल प्रभाव से साइबर क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया है।
सरदारपुर थाना पर प्रभारी अनिल कुमाव जाधव ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अन्य सुरागों और मुखबिर तंत्र के आधार पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया जाएगा।



















