सरदारपुर। खातेगांव में शराब पकड़ने के दौरान बरमंडल के शहीद थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के बाद गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शहीद पुरी के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं जताई। पटवारी ने इस दौरान परिवार के सदस्यों से काफी देर चर्चा की और पुलिस विभाग में ड्यूटी व्यवस्था में जरूरी बदलाव करने को लेकर भी सरकार से मांग की। ताकि पुलिसकर्मियों को तनाव कम करने के लिए थोड़ा वक्ता मिल सके। पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना भी साधा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने शराबबंदी वाले राज्य गुजरात में अवैध शराब परिवहन को लेकर सरकार सीधा हमला बोलते हुए कहा कि गुजरात में अवैध शराब पहुंचना सरकार के संरक्षण के बिना संभव नहीं है। सरकार को अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देना और शराब माफियाओं की रक्षा करना बंद करना चाहिए। पटवारी ने कहा बगैर सरकारी संरक्षण के मप्र से गुजरात शराब पहुंचना मुमकिन नहीं है। इसलिए इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होना चाहिए। पटवारी ने कहा कि जनता समझती है कि सरकार के सहयोग के बिना इस तरह के अपराध संभव नहीं हैं।
जीतू पटवारी के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, कुक्षी विधायक हनी बघेल, पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पड़ियार सहित अन्य कांग्रेस नेता टीआई पूरी के घर पहुंचे थे।

बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था कराएं सरकार –
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह नि शुल्क होनी चाहिए। यह शहीद दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पुलिसकर्मियों के परिवारों की परेशानियां कम होंगी और व्यवस्था में भ्रष्टाचार तथा अपराध पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी। आरोपी राहुल जायसवाल को लेकर पूछे गए सवाल पर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के संबंधित सदस्यों को उनके पदों से हटा दिया है। उन्होंने इस मामले में पार्टी की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी मीडिया के साथ साझा की।
विश्वास सारंग पर बरसे पटवारी –
पटवारी ने मीडिया से बात करते हुए सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा भाजपा की सरकार में वे पिछले 25 साल से मंत्री हैं। उन्हें लगता है कि व्यवस्था गड़बड़ है तो सरकार इतने सालों से क्यारें कुछ नहीं कर पाई। पटवारी ने सरकार और सारंग पर तंज कसते हुए कहा कि क्या वे झांझ-मजीरे बजा रहे थे या सरकार की जगह सर्कस चला रहे थे? पटवारी ने कहा लगातार घटनाएं हो रही हैं तो अपराधी पकड़े क्यों नहीं गए और दोषियों को अब तक सजा क्यों नहीं मिली। मंत्रियों के पास कोई इनपुट या जानकारी है तो तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय अपनी नाकामी स्वीकार कर ठोस कदम उठाने चाहिए।


















