रिंगनोद। ग्राम रिंगनोद स्थित सीनियर बालक छात्रावास में भोजन में कीड़े निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल मंगलवार शाम को छात्रावास का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान छात्रों ने विधायक के सामने खुलकर छात्रावास की बदहाली और अपनी समस्याएं रखीं।
छात्रों ने विधायक को बताया कि भोजन में बीते दिनों कीड़े निकले। उन्हें अधपकी या जली हुई रोटियां परोसी जाती हैं। इसके अलावा परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं होती, कई पंखे खराब पड़े हैं और मच्छरों के भारी प्रकोप के बावजूद उन्हें मच्छरदानी या पर्याप्त कंबल जैसी बुनियादी सामग्रियां तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि जो राशि छात्रों को मिलती है वह उनसे अधीक्षक द्वारा ले ली जाती हैं।
आदिवासी छात्रों से छलावे का लगाया आरोप –
छात्रों की व्यथा सुनकर मौके पर पहुंचे बीईओ विष्णु रघुवंशी ने छात्रावास अधीक्षक कालूराम मछार को जमकर फटकार लगाई। वही विधायक प्रताप ग्रेवाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार छात्रावासों के रखरखाव और भोजन के लिए हर साल करोड़ों रुपये का बजट आवंटित करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी छात्रों के साथ सरकार छलावा कर रही है। विधायक ने मौके से ही सहायक आयुक्त धार को मामले से अवगत करवाते हुए छात्रों की दूरभाष पर चर्चा करवाई।विद्यार्थियों के हित से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रावासों में बच्चों को बेहतर भोजन, सुरक्षित वातावरण और शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मौके पर मौजूद विकासखंड शिक्षा अधिकारी विष्णु रघुवंशी से विधायक ने कहा कि अधिकारी हर महीने निरीक्षण का दावा करते हैं, फिर भी ऐसे हालात बने हुए हैं—तो क्या निरीक्षण के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है? इसके बाद विधायक ग्रेवाल ने बीईओ की मौजूदगी में छात्रावास की अव्यवस्थाओं का मौके पर ही पंचनामा तैयार करवाया। तथा पंचनामा वरिष्ठ कार्यालय भेजने की बात कही।
इस दौरान जिला कांग्रेस सचिव गोपाल सोलंकी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन गेहलोत, मंडल अध्यक्ष कानालाल निनामा, सरपंच प्रतिनिधी प्रकाश मौर्य, शंकरदास बैरागी, अबरार खान, सरफराज कुरैशी, अफजल, कैलाश मछार, आतिफ पठान, आयन गवरी, अशोक धोखा, दुलीचंद पाटीदार, मोहन डामर, कैलाश वसुनिया, दीपक, उमेश चौहान, आरव सोलंकी, रोशन सिंगार, अलिसान सैय्यद सहित अन्य मौजूद रहें।



















