सरदारपुर। अमझेरा थाना क्षेत्र के ग्राम हातोद के समीप शुक्रवार सुबह खेत में बबूल के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कृषक गोपाल पाटीदार सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें पेड़ पर शव लटका दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से वोटर आईडी कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान अर्जुन पिता मांगीलाल (35 वर्ष), निवासी अटावदा (जिला इंदौर) के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।
पंचनामे के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अमझेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


















