सरदारपुर में विद्यार्थियों का SDM कार्यालय पर धरना: मॉडल स्कूल के प्राचार्य के बचाव में लगे नारे, शिक्षिका के तबादले की मांग

​सरदारपुर। मॉडल स्कूल सरदारपुर के विद्यार्थियों ने प्राचार्य के समर्थन में मंगलवार को नगर में रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की समझाइश व एसडीएम के आश्वासन पर छात्र पुनः स्कूल लौटे।
​दरअसल, विद्यार्थी मॉडल स्कूल के प्राचार्य कामेश सतपुड़ा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। छात्रों का कहना था कि कुछ लोगों द्वारा प्राचार्य के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाए गए हैं, जिनका समाचार पत्रों में भी प्रकाशन हुआ है। इन निराधार आरोपों से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और प्राचार्य की प्रतिष्ठा को अनावश्यक ठेस पहुंच रही है। विद्यार्थियों ने मांग की कि यदि जांच में आरोप असत्य पाए जाएं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि कामेश सतपुड़ा ही उनके स्कूल के प्राचार्य बने रहें।

​शिक्षिका पर जातिगत और रंग-रूप के आधार पर भेदभाव का आरोप
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल की शिक्षिका प्रतिमा सिंह कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना था कि शिक्षिका का व्यवहार लंबे समय से विद्यार्थियों के प्रति अनुचित और अस्वीकार्य रहा है। वे कथित तौर पर विद्यार्थियों के साथ जातिगत भेदभाव और रंग-रूप (काले-गोरे) के आधार पर पक्षपात करती हैं। छात्रों ने शिक्षिका के तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण की मांग की।

​एसडीएम के दूरभाष पर मिले आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना-
छात्र-छात्राएं एसडीएम को ही ज्ञापन सौंपने पर अड़े हुए थे। एसडीएम के ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ शिविर में व्यस्त होने के कारण मौके पर न पहुंचने पर विद्यार्थी कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। सरदारपुर टीआई अनिल कुमार जाधव, आरआई चिराग परमार और शिक्षा विभाग के मंडल संयोजक प्रकाश पँवार मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाया। इस दौरान एसडीएम ने दूरभाष (फोन) पर विद्यार्थियों से चर्चा की और स्वयं स्कूल आकर उनकी समस्याएं सुनने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी धरना समाप्त कर वापस स्कूल के लिए रवाना हुए। वही शाम करीब 4:30 बजे एसडीएम अजमेर सिंह गोड़ मॉडल स्कूल पहुंचे। जहां उन्हें छात्रों ने ज्ञापन सौपा। एसडीएम ने छात्रों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इधर, इस मामले में शिक्षिका प्रतिमा सिंह कुशवाह का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। जांच में सब सामने आ जाएगा।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!