राजगढ़। श्रावण माह के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को नरसिंह देवला धाम से प्रसिद्ध झिरणेश्वर महादेव मंदिर तक निकलने वाली भव्य ‘मां माही शबरी कावड़ यात्रा’ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। यात्रा को लेकर गांव-गांव में श्रद्धालुओं का पंजीयन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में करीब 50 गांवों के समाज प्रमुखों द्वारा झिरणेश्वर महादेव का विशेष रुद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर कावड़ यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं को वितरित किए जाने वाले रुद्राक्ष भी अभिमंत्रित किए गए। रुद्राभिषेक के पश्चात आयोजित बैठक में समाज प्रमुखों ने यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर चर्चा की गई।
116 गांवों से शामिल होंगे श्रद्धालु-
मां माही शबरी कावड़ यात्रा 17 अगस्त को सुबह 9 बजे नरसिंह देवला धाम पर धर्मसभा के साथ प्रारंभ होगी। धर्मसभा को पूज्य संतों एवं प्रबुद्ध वक्ताओं द्वारा संबोधित किया जाएगा। इसके बाद कावड़िया मां माही का पवित्र जल लेकर नरसिंह देवला से प्रस्थान करेंगे। यह यात्रा सरदारपुर और राजगढ़ होते हुए झिरणेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा मार्ग में कावड़ियों के लिए चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी, वहीं समापन स्थल झिरणेश्वर महादेव मंदिर पर भव्य भंडारे का आयोजन होगा।

100 से अधिक गांवों में बैठकें, घर-घर हो रहा पंजीयन –
यात्रा की सफलता के लिए अब तक 100 से अधिक गांवों में बैठकें पूरी हो चुकी हैं। आयोजन समितियां गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर कावड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का पंजीयन कर रही हैं। वही कावड़ यात्रा को संपन्न करवाने हेतु बनाई गई विभिन्न व्यवस्थाओ की टोलियां भी अपने-अपने कार्य को संपन्न करने में जुटी हैं।


















