राजगढ़। नगर के नया बस स्टैंड क्षेत्र से चोरी हुई तीन मोटरसाइकिलों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक (बाल अपचारी) को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि 15 सितंबर को नया बस स्टैंड स्थित श्रीमाया होटल के सामने से अज्ञात बदमाशों द्वारा एक-एक कर तीन बाइक चोरी करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध अलग-अलग बाइक ले जाते हुए कैद हुए। फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर सोसाइटी मैदान के पास से दो संदिग्धों को चोरी की दो बाइक धक्का देकर ले जाते हुए धर दबोचा।
पुलिस टीम ने मामले में आरोपी दिनेश पिता डूंगर सिंह तड़वला निवासी ग्राम फरटेडी, थाना राणापुर, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी दिनेश ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने पूर्व में भी नया बस स्टैंड से एक बाइक चोरी कर मोहनखेड़ा हेलीपैड के पास छिपाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वह बाइक भी बरामद कर ली। आरोपी दिनेश को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, नरेश कोटे, सहायक उप निरीक्षक सैयद अहमद, रईस पठान, आरक्षक जयेंद्र जादौन, दिलीप डुडवे और सैनिक जगदीश कछावा की भूमिका रही हैं।


















