राजगढ़। 39 साल पुरानी धर्मयात्रा की परंपरा शनिवार को आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के भव्य स्वरूप में नजर आई। श्रीमद्भागवत सप्ताह के समापन अवसर पर श्री चारभुजा युवा मंच द्वारा निकाली गई धर्मयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा का 50 से अधिक धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, धार्मिक झांकियां और बैंड दल यात्रा के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम अभिनेत्री अंजली मेहता की एक झलक पाने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे उमड़े।

धर्मयात्रा दोपहर करीब 3 बजे पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर से श्री लड्डू गोपालजी की भव्य पालकी के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में नगर के 13 सनातन मंदिरों से जुड़े समाजजनों के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने सहभागिता की। नगर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम की अंजली मेहता यात्रा में विशेष आकर्षण रहीं। उन्हें देखने के लिए युवाओं, महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। सड़क किनारे खड़े लोग मोबाइल से उनके फोटो और वीडियो बनाते रहे। यात्रा मार्ग पर उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।

धर्मयात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे। मलखंभ, झांझ पार्टी, कथकली, राजस्थानी और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य सहित अफ्रीकन आदिवासी टोली ने प्रस्तुतियां दीं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों के साथ वॉटरमैन रथ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। गायक जीतू धोरा और गायिका सोनाली ठाकरे की प्रस्तुतियों ने भी श्रद्धालुओं को बांधे रखा।

नगर भ्रमण के बाद धर्मयात्रा देर शाम पुनः श्री माताजी मंदिर पहुंची। यहां श्री चारभुजा युवा मंच की ओर से श्रीमद्भागवत कथा से जुड़े कथावाचकों और आयोजन में सहयोग करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही धर्मयात्रा का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान नगर में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सहभागिता का वातावरण बना रहा।
यात्रा को लेकर मंच संरक्षक मांगीलाल राठौड़, कैलाश बजाज, गणेशलाल शर्मा, दारासिंह चौहान, अध्यक्ष कृष्णा बारोड़नवीन बानिया, मुकेश बजाज, मनोज माहेश्वरी, विजय व्यास, ओमप्रकाश परमार, घनश्याम सोलंकी, दुर्गाप्रसाद सोलंकी, राजेश शर्मा, पवन जोशी, हरीओम सोनी, गिरिराज राठौर, गोपाल माहेश्वरी, गोविंद मोरी, सौरभ गर्ग, सुजित ठाकुर, महेश राठौड, राकेश सोलंकी, भरत मोरी, दीपक पटेल, नारायण वैष्णव, पुनमचंद कौशल, धर्मेन्द्र कमेडिया, मनीष मकवाना, राजेंद्र पडियार, रवि पंवार, अजय भावसार, कृष्णा कौशल, नयन बलसारा, जयेश वैष्णव, मनोज माली, राहुल व्यास, पंकज बारोड, निलेश परमार आदि पदाधिकारी एवं सदस्यगण यात्रा की लेकर सक्रिय रहे। उक्त जानकारी मंच मीडिया प्रभारी प्रभुसिंह राजपूत ने दी।


















