राजगढ़। नगर सहित समूचे अंचल में दीपावली का पावन पर्व रविवार को पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर नगर में तैयारियां जोरों पर हैं। नगर के नया बस स्टैंड तथा प्रमुख मंदिरों को आकर्षक विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
रविवार को दीपावली के साथ ही नगर का साप्ताहिक हाट बाजार होने से त्योहार की रौनक दोगुनी होने की संभावना है। व्यापारियों को इस बार बंपर कारोबार की उम्मीद है।
हाट बाजार से खिले व्यापारियों के चेहरे –
व्यापारियों का कहना है कि रविवार को साप्ताहिक बाजार होने से आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए राजगढ़ पहुंचेंगे। इससे कपड़ा, मिठाई, बर्तन, पूजन सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रहने की उम्मीद है। अंतिम दौर की खरीदारी को देखते हुए दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद के अनुसार विविध उत्पादों का भरपूर स्टॉक जुटा रखा है।
सोमवार को मनेगा पड़वा: पशु श्रृंगार सामग्री की मांग बढ़ी –
दीपावली के अगले दिन सोमवार को पड़वा (गोवर्धन पूजा) का पर्व पारंपरिक श्रद्धा से मनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस दिन का विशेष महत्व है, जहां किसान अपने पशुधन की पूजा-अर्चना करते हैं। बाजार में मवेशियों को सजाने के लिए फंदा-फंदी, रंग-बिरंगी घंटियां, कौड़ी की मालाएं और सींगों पर लगाने वाले रंगों की दुकानें सज गई हैं।

आस्था का प्रतीक: जमीन पर लेटकर मन्नत पूरी करने की गाय-गौरी परंपरा –
पड़वा के दिन अंचल में पारंपरिक ‘गाय-गौरी’ पर्व का आयोजन होगा। इस अनूठे आयोजन में मन्नतधारी श्रद्धालु जमीन पर लेटते हैं और उनके ऊपर से गायों के झुंड को गुजारा जाता है। लोकमान्यता के अनुसार, इस कठोर साधना से मन्नतें पूरी होती हैं और क्षेत्र में सुख-समृद्धि आती है। ग्रामीण अंचल में इस परंपरा को देखने और भाग लेने के लिए भारी जनसैलाब उमड़ता है।
वाहनों के साज-सज्जा बाजार में भी खरीदारी तेज –
दीपावली पूजन के लिए वाहनों को सजाने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। नगर के विद्युत मंडल कार्यालय के सामने और जावा नाके पर वाहनों की सजावट के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। यहां आकर्षक लाइटें, रिबन और सजावटी एक्सेसरीज की खूब बिक्री हो रही है।
कुल मिलाकर, दीपावली और पड़वा के पावन अवसर पर साप्ताहिक हाट का संयोग बनने से राजगढ़ नगर और ग्रामीण इलाकों में उल्लास का माहौल है।


















