अमझेरा/सरदारपुर। क्षेत्र की महत्वाकांक्षी नर्मदा-माही लिंक परियोजना को धरातल पर उतारने और इसके सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला मंत्री कमल यादव का क्षेत्रीय किसानों ने आत्मीय स्वागत व सम्मान किया।
गुरुवार को क्षेत्र के किसान अमझेरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौराहे पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद किसानों ने कमल यादव को साफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर उनके प्रयासों की सराहना की।
डबल इंजन सरकार से साकार हुआ सपना: कमल यादव
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता कमल यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार के साझा प्रयासों से माँ नर्मदा-माही लिंक परियोजना का बहुप्रतीक्षित सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि नर्मदा का पावन जल धार और झाबुआ जिले के किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इससे न केवल फसलों की सिंचाई सुनिश्चित होगी और क्षेत्र हरा-भरा बनेगा, बल्कि पशु-पक्षियों सहित संपूर्ण जीव-जगत को नई ऊर्जा और जीवन मिलेगा।
तालाबों और जलाशयों को भरने का काम तेज –
भाजपा नेता यादव ने कहा कि परियोजना के तहत सरदारपुर तहसील के सभी निर्धारित ग्रामों के तालाबों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ग्राम मिंडा के तालाब को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, वहीं अमझेरा तालाब और बख्तावर जलाशय को भी शीघ्र ही नर्मदा जल से भरा जाएगा।
इस अवसर पर शिवा मकवाना, अर्पित शर्मा, शंकरलाल हामड़, उमेश पाटीदार, जगदीश हामड़, मुरली कुशवाह, दिनेश राठौड़, अशोक कुशवाह, भुवान कुशवाह, विजय कुमार शर्मा, कैलाश अराड़ी, कमल बामनिया, जामसिंह पांचपिपल्या सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















