रिंगनोद। ग्राम पंचायत रिंगनोद की नल-जल समूह योजना में ठेकेदार और जल निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्राम पंचायत ने कलेक्टर को धार जनसुनवाई में आवेदन दिया हैं। ग्राम पंचायत की और से उपसरपंच प्रतिनिधि ज्वाला सोलंकी ने लिखित शिकायत आवेदन सौपा जिस पर कलेक्टर ने जल निगम के आरई को जांच के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत रिंगनोद द्वारा दिए गए आवेदन में बताया कि रिंगनोद ग्राम पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना का कार्य जारी हैं, लेकिन एजेंसी मनमानी कर रही है। दिनांक 28 सितंबर को ग्राम पंचायत में एजेंसी कर्मचारी को बुलाकर बैठक भी की थी, लेकिन आज तक सुधार नहीं हुआ। अब निर्माण एजेंसी जनप्रतिनिधियों का फोन भी नहीं उठा रही है। आवेदन में यह भी बताया कि अधिकांश घरों में नलों में पानी का प्रेशर इतना कम है कि पानी टंकी तक नहीं पहुंच रहा है। मालपुरिया, भोपावर रोड मोहल्ला, जवाखेड़ी मोहल्ला के दर्जनों जरूरतमंद परिवारों को आज तक नवीन नल कनेक्शन नहीं दिया गया। पुरानी पेयजल टंकी को नई योजना से नहीं जोड़ा गया है, जिससे जल व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है तथा जलापूर्ति का समय बहुत कम रखा गया है।
अधिकारियों की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन कार्य का आरोप –
उपसरपंच प्रतिनिधि ज्वाला सोलंकी ने आरोप लगाए कि जल निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य किया जा रहा है और योजना के लाखों रुपयों का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कलेक्टर से योजना की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग करते हुए दोषी जल निगम अधिकारियों व ठेकेदार एजेंसी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही करने और वंचित परिवारों को तत्काल नल कनेक्शन दिलाया जाने की भी मांग रखी।

















