बामनिया। नगर में राठौर परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। नगर के रामलाल स्व. मांगीलाल राठौर मिर्चीवाले परिवार द्वारा आयोजित इस दिव्य कथा में राजोद (म.प्र.) निवासी पं. दिपेष पाठक के मुखारविंद से श्रद्धालु संगीतमय भागवत कथा का रसपान कर रहे हैं।
प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चल रही कथा में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा के दौरान पं. पाठक ने ध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आकर्षक झांकी पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे तथा “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की” जयकारों से पूरा पांडाल गूंज उठा।

कथावाचक पं. पाठक ने कहा कि मनुष्य जीवन में होने वाले पापों का ईश्वर के समक्ष प्रायश्चित एवं सत्कर्म ही मुक्ति का मार्ग है। आज कथा का अंतिम दिन है। कथा पश्चात भव्य महाआरती एवं समापन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद सभी भक्तगण सामूहिक रूप से भागवत जी की पदयात्रा निकालते हुए नगर भ्रमण कर माताजी मंदिर में विराजमान कराएंगे। साथ ही प्रसादी का आयोजन भी रखा गया है।
आयोजन समिति एवं राठौर परिवार ने समस्त धर्मप्रेमीजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का अनुरोध किया है।
















