राजगढ़। नगर में 16 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ जबरन गलत काम करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर राजगढ़ पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जैन चौक निवासी महिला ने 4 अक्टूबर को अपने पति और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसे एक परिचित के माध्यम से जानकारी मिली कि उसके 16 वर्षीय बेटे के साथ एक व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक कृत्य किया गया है। इसके बाद परिजनों ने बालक से पूछताछ की जिसमें उसने घटना की जानकारी दी थी।
अश्लील कृत्य कर खींचे फोटो –
बालक ने पुलिस को दिए कथन में बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे वह किराना दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी अशोक पिता हीरालाल सोलंकी निवासी संजय कॉलोनी राजगढ़ वर्तमान पता सोनी गली राजगढ़ ने उसे इशारा कर अपने घर बुलाया। घर के अंदर ले जाकर आरोपी ने दरवाजा बंद किया और उसके साथ जबरन गलत कृत्य किया। साथ ही मोबाइल से फोटो खींचने के लिए भी दबाव बनाया और घटना किसी को बताने पर धमकाया। आरोपी की धमकी के बाद बालक ने यह बात किसी को नही बताई। बालक के परिजनों को क्षेत्र के ही रहने वाले युवक ने जानकारी दी कि उनके बालक के अश्लील कृत्य करते हुए फोटो आरोपी के पास है।
पुलिस ने पाक्सों एक्ट में दर्ज किया प्रकरण –
परिजनों को मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बालक से पूछताछ की जिसमें उसने पूरी घटना परिजनों को बताई, परिजन उसे लेकर राजगढ़ थाने पर पहुंचे और आरोपी अशोक सोलंकी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। राजगढ पुलिस ने बालक के परिजनों की शिकायत पर पॉक्सों सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
राजगढ थाना समीर पाटीदार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है, एफआईआर दर्ज होते ही तुरंत आरोपी को गिरफ्तार किया गया, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


















