राजगढ़। नगर के दलपुरा स्थित आई माता मंदिर में शुक्रवार-शनिवार दरमियान रात करीब 2:30 बजे चोरी का प्रयास विफल हो गया। मंदिर परिसर के चार ताले तोड़कर अंदर घुसे 3 अज्ञात बदमाश पड़ोसी के जाग जाने के कारण भाग खड़े हुए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दान पात्र को तोड़ने का प्रयास –
द्वारकाप्रसाद सिर्वी ने बताया कि सुबह दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर के ताले वाली कुंडी टूटी होने की जानकारी दी। बदमाशों ने दान पात्र और मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया था। पार्षद प्रतिनिधि शंभू परवार के अनुसार, रात में 3 अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से मंदिर में घुसे थे। उन्होंने बाहरी हिस्से के ताले तोड़ दिए और मुख्य गेट खोलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास रहने वाले धर्मेंद्र सोलंकी की नींद खुल गई। सोलंकी का सब्जी का कारोबार है और उसी सिलसिले में उनका वाहन रात में घर आया था। जब सोलंकी अपने वाहन चालक से बात कर रहे थे, तब बदमाशों को आहट मिल गई और वे तुरंत मौके से फरार हो गए। सोलंकी की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई।

एएसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण –
घटना की सूचना मिलने पर समाजजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















