सब जेल सरदारपुर का औचक निरीक्षण: जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों को दी निःशुल्क विधिक सहायता और नशामुक्ति की जानकारी

सरदारपुर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धार की अध्यक्ष ममता जैन के निर्देशानुसार बुधवार को सब जेल सरदारपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों के लिए विधिक सहायता जागरूकता एवं नशामुक्ति शिविर का भी आयोजन हुआ।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धार के सचिव रामसहारे राज एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सिमोन सूलिया ने जेल परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा इंतजाम और बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुरुष बंदी बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं व आवश्यकताएं जानीं।

निःशुल्क विधिक सहायता और नशामुक्ति का संदेश –
शिविर के दौरान सचिव श्री राज ने बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी बंदी को कानूनी मदद की आवश्यकता होने पर तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण सरदारपुर के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता व विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।

व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश –
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से सुचारू रखा जाए। इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक संजय कुमार परमार, इंचार्ज प्रमुख मुख्य प्रहरी नाथुलाल जाटव, वारंट शाखा प्रभारी सियाराम लिमनपुरे, वी.सी. तकनीकी सहायक दुर्गाशंकर मरोला, प्रहरी आरती डावर सहित जेल का अन्य ड्यूटीरत स्टाफ उपस्थित रहा।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!