राजगढ़ – हरिराम गेहलोत हत्याकांड पर 2 घंटे प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और परिवार को सुरक्षा की मांग, विधायक ग्रेवाल ने कहा- कहते है कानून के हाथ लंबे फिर पुलिस के हाथ आरोपियों तक क्यों नही पहुंच रहें

राजगढ़। ग्राम धुलेट निवासी हरिराम गेहलोत (सिर्वी) के हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सरदारपुर तहसील की सर्वसमाज द्वारा विधायक प्रताप ग्रेवाल के नैतृत्व में मंगलवार को राजगढ़ में रैली निकालकर धरना प्रदर्शन किया गया।
सर्व समाजजन नगर पालिका परिसर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर पुलिस थाने के सामने मेला मैदान पर 2 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। यहां प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित पुलिस अधिकारियो के नाम एसडीएम अजमेरसिंह गौड को ज्ञापन सौंपकर हरिराम हत्याकांड की एसआईटी जांच और घटना के मुख्य आरोपी भाजपा नेता जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधी देवा सिंगार की शीघ्र ही गिरफ्तारी की मांग रखी। सर्व समाज द्वारा आयोजित रैली, धरना एवं ज्ञापन में हरिराम गेहलोत के परिजन भी शामिल हुए।

मेला मैदान पर आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि घटना को 10 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी भाजपा नेता देवा सिंगार की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। विधायक ग्रेवाल ने कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहता हूँ कि क्या कानून की किताबो में दो पन्ने है एक आम आदमी के लिए और दुसरा सत्ता से जुडे भाजपा नेताओ के लिए। अगर किसी गरीब, कमजोर व्यक्ति पर आरोप लगे तो पुलिस तुरंत सक्रिय हो जाती है वही दुसरी तरफ अगर आरोपी कोई भाजपा का रसूख वाला व्यक्ति हो तो पुलिस कार्यवाही का ढोंग रचती है और प्रकरण की लीपापोती मे लग जाती है। कहते है कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते है फिर भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हमारी मांग है कि सम्पूर्ण मामले की एसआईटी जांच की जाए और पीडित परिवार को न्याय दिलाया जाए, सर्वसमाज पीडित परिवार के साथ है।

कुक्षी विधायक सुरेंद्रसिंह हनी बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि क्या कोई अपराधी किसी राजनीतिक दल से जुडा हो तो क्या उसे अपराध करने का अधिकार मिल जाता है और वह अपराध करने के बाद भी बैखोफ घुमता रहता है और पुलिस प्रशासन कोई कार्यवाही नही कर रहा है। अगर शीघ्र ही उचित कार्यवाही नही होती हैं तो कांग्रेस विधायकगण इस मामले को मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र मे उठाया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द मुख्य आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार करे, पुलिस प्रशासन मामले मे पार्टी नही बने, हरिराम हत्याकांड मे निष्पक्ष जांच और कार्यवाही करे। अब भाजपा नेताओ की गुंडागर्दी नही चलेगी। समाज मे अपराधियो की कोई जगह नही है।

धरना प्रदर्शन को पूर्व विधायक पांचीलाल मेडा, प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव हरदेवसिंह जाट, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी राधेश्याम मुवेल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश पंवार, सिर्वी समाज जिलाध्यक्ष पेमालाल काग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पड़ियार, बाबुलाल चौधरी धुलेट, सुरेन्द्रसिंह पटेल, विजय पाटीदार, अखिलेश चन्देरिया, शंकरदास बैरागी, विरसन भगत, भीमालाल चैधरी, पुष्पेन्द्रसिंह राठौर, अभिषेक टल्ला मोदी, महेश जायसवाल, जीवनसिंह सिसौदिया, दीपक जैन, भारत वीर धाकड, महेश डामोर, रविन्द्र पाटीदार, भेरूसिंह बडगोता आदि ने भी संबोधित किया।

वही सौपे गए ज्ञापन में कहा कि एसआईटी जांच दल गठित किया जाए, मृतक हरिराम गेहलोत ने इलाज के दौरान मृत्यु से पूर्व जो बयान दिया था उसे जांच का हिस्सा बनाकर कोर्ट में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाए। पुलिस द्वारा गिरफ्तार 1 आरोपी को नाबालिक बताया जा रहा है जबकि आरोपी बालक द्वारा 2 वर्ष पूर्व हायर सेकेण्डरी की परीक्षा दी गई। उसकी बोन टेस्ट, स्कूल रिकॉर्ड से उच्च स्तरीय जांच कर सही उम्र तय की जाए। मुख्य आरोपी देवा सिंगार की अवैध संपत्ति की जांच की जाकर ध्वस्त किया जाए। इस गंभीर अपराध का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलवाई जाए। आरोपी ने जिस बेरहमी से मारपीट की है उससे पीड़ित परिवार अत्यंत भयभीत है। परिवार को तत्काल सशस्त्र पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जाए।
विधायक प्रताप ग्रेवाल सहित सर्वसमाज प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि हरिराम गेहलोत के परिवार को न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। किसी भी आरोपी को राजनीतिक अथवा प्रशासनिक संरक्षण मिला तो सर्वसमाज लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर शासन-प्रशासन तक निर्णायक संघर्ष करेगा। रैली एवं धरना प्रदर्शन में विभीन्न समाजो के समाज प्रतिनिधी एवं ग्रामीणजन बडी संख्या में मौजूद रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!