राजगढ़। ग्राम नयापुरा पिपरनी के समीप पुरानी रंजिश में शुक्रवार को युवक को गोली मारने के मामले में राजगढ़ थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को वारदात के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, खाली कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल ज़ब्त की गई है।
यह है पूरा मामला –
दरअसल, 28 अगस्त को चौकी तिरला क्षेत्र के ग्राम नयापुरा पीपरनी में पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अर्पित राठौड़ और उसके साथियों ने फरियादी भूपेंद्र राठौर निवासी छडावद पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
3 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार –
सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने आरोपी अर्पित पिता अशोक राठौड़ निवासी राजगढ़, शुभम पिता कालूराम पाटीदार निवासी फूलगावड़ी व महेश पिता जादूसिंह यादव निवासी ग्राम छड़ावद को गिरफ्तार कर लिया हैं। मामले में आरोपी हिम्मत पिता लक्ष्मण सेप्टा निवासी ग्राम अमोदिया तथा पिंटू पिता आनंदीलाल पाटीदार निवासी ग्राम फुलगांवड़ी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पिस्टल, बाइक व कारतूस जप्त –
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल, एक खाली कारतूस तथा बुलेट मोटरसाइकिल जप्त की हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जिसमें से आरोपी अर्पित राठौड़ की रिमांड ली गई हैं। त्कार्रवाई में थाना राजगढ़ से उप निरीक्षक जूली अमलियार, चौकी प्रभारी तिरला सैयद अहमद, सुनील राजपूत, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा, आरक्षक दिलीप डुडवे, अंकित रघुवंशी, अजीत गुर्जर, राकेश बघेल, राकेश सिंगाड के साथ-साथ थाना राजोद प्रभारी रेवल सिंह बरडे और साइबर सेल टीम के उप निरीक्षक प्रशांत गुंजाल, सर्वेश सोलंकी, प्रशांत चौहान, मनीष पाल की भूमिका रही।
घायल का इंदौर में उपचार जारी –
घटना में घायल हुए भूपेंद्र राठौर का इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार जारी हैं। बताया जा रहा है कि गोली लगने से घायल भूपेंद्र की डॉक्टरों ने करीब 2 घंटे तक सर्जरी कर पेट मे फंसी गोली को निकाला है।



















