राजगढ़। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर लगातार बढ़ रहे अपराधों और लूटपाट की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए राजगढ़ थाना पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस ने माछलिया घाट से लेकर ग्राम धूलेट तक के करीब 25 किलोमीटर लंबे संवेदनशील मार्ग पर जगह-जगह सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगाए हैं।
इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। पूर्व में इस क्षेत्र में आपराधिक तत्वों द्वारा सड़क पर ‘रापी’ लगाकर वाहनों को पंक्चर करने और सुनसान इलाकों में टायर बदलते समय चालकों के साथ लूटपाट करने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि इन वारदातों को पूरी तरह रोकने के लिए धार एसपी सचिन शर्मा के निर्देश पर तथा एएसपी पारुल बेलापुरकर व एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में यह कदम उठाया गया है। चेतावनी बोर्ड पर हिदायत दी गई है कि रात्रि के समय यदि वाहन पंक्चर हो जाए, तो चालक सुनसान जगह पर रुकने के बजाय गाड़ी को किसी पेट्रोल पंप, ढाबे या सुरक्षित सार्वजनिक स्थान पर ले जाकर ही टायर बदलें तथा रात के समय किसी भी स्थिति में अंधेरे या सुनसान रास्तों पर गाड़ी न रोकें। किसी भी संदिग्ध स्थिति या दुर्घटना होने पर तुरंत आपातकालीन नंबर डायल 112 पर संपर्क करें।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर किए गए जारी –
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना या किसी आपातकालीन परिस्थिति में वाहन चालकों को तुरंत सहायता मिल सके, इसके लिए चेतावनी बोर्डों पर विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबर भी अंकित किए गए हैं। इनमें पुलिस कंट्रोल रूम / कंट्रोल रूम धार, राजगढ़ पुलिस थाना, हाईवे पेट्रोलिंग टीम व दत्तीगांव टोल प्लाजा के नंबर अंकित किए हैं।
पहल का दिख रहा सकारात्मक असर –
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार के अनुसार, पुलिस की इस पहल का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। वाहन चालक अब इन चेतावनी बोर्डों पर दी गई हिदायतों का पालन कर रहे हैं। रात के समय पंक्चर होने पर चालक वाहन को सार्वजनिक स्थानों पर ले जाकर ही ठीक करवा रहे हैं और किसी भी आपात स्थिति में ‘डायल 112’ की मदद ले रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन से गुजरने वाले प्रत्येक नागरिक और वाहन की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी है। पुलिस बल लगातार क्षेत्र में मुस्तैद है ताकि यात्री पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें।

















