राजगढ़। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश एक लोन रिकवरी एजेंट का रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए। बैग में करीब 48 हजार रुपए रखे थे, जिन्हें फरियादी ने बैंक से वितरित किए गए लोन की किश्तों की वसूली कर एकत्रित किया था। घटना नयापुरा पिपरनी स्थित पानी की टंकी के पास की बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उज्जैन जिले की घटिया तहसील के ग्राम मीनगांव निवासी शंकरलाल पिता भगवानसिंह ठाकुर (25) लोन की किश्तों की रिकवरी का काम करता है। वह सुबह करीब 8 बजे अपनी बाइक से वसूली के लिए निकला था। दिनभर की वसूली से एकत्रित करीब 48 हजार रुपए उसने काले रंग के बैग में रखे थे। बैग मोटरसाइकिल की आगे की टंकी पर रखा हुआ था।
इसी दौरान नयापुरा पिपरनी पानी की टंकी के पास पीछे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों में से पीछे बैठे युवक ने चलती बाइक से रुपयों से भरा बैग झपट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश करीब 20 मीटर आगे कच्चे रास्ते से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटिदार ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई हैं। बदमाशो की तलाश हेतु क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहें हैं।


















