राजगढ़। थाना राजगढ़ पुलिस ने गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी हिम्मत सेप्टा को शुक्रवार को दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि 28 अगस्त को राजगढ़ थाना क्षेत्र की तिरला चौकी अंतर्गत ग्राम नयापुरा पीपरनी में पुरानी रंजिश के चलते फरियादी भूपेंद्र राठौर पर जानलेवा हमला हुआ था। आरोपी अर्पित राठौड़ निवासी राजगढ़ ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फरियादी पर पिस्टल से फायरिंग कर दी थी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
इस मामले में पुलिस पूर्व में ही आरोपी अर्पित, शुभम पाटीदार और महेश यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं वारदात के बाद से फरार चल रहे हिम्मत पिता लक्ष्मण को पुलिस टीम ने धर दबोचा। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी पिंटू पिता आनंदीलाल पाटीदार अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में अपराधियों के विरुद्ध लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फरार आरोपी को पकड़ने में उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, एएसआई रईस खान, प्रधान आरक्षक आसिफ शेख और सैनिक गजराज सिंह की भूमिका रही हैं।


















