सरदारपुर। ग्राम पंचायत खुटपला के ग्रामीणों ने सचिव मुकेशचंद्र कुमावत के कार्यप्रणाली के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने सरदारपुर जनपद पंचायत के सीईओ जोशुआ पीटर को ज्ञापन सौंपकर सचिव को तत्काल पद से हटाने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार का आरोप –
सीईओ को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव मुकेशचंद्र कुमावत का व्यवहार जनप्रतिनिधियों, पंचों एवं आम जनता के प्रति ठीक नहीं है। वे लगातार ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार करते हैं और कार्य में भेदभाव बरतते हैं, जिससे ग्राम पंचायत के पंच एवं आम नागरिक बेहद असंतुष्ट हैं।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि सचिव मुकेश कुमावत का मूल पदस्थापना स्थल ग्राम पंचायत कचनारिया है। खुटपला के ही स्थायी निवासी होने के कारण उनका अतिरिक्त प्रभार यहां से हटाया जाए और ग्राम पंचायत चोटिया बालोद के सचिव कँवरलाल गामड़ को खुटपला का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सचिव को शीघ्र नहीं हटाया गया, तो वे मजबूर होकर भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
इस दौरान एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष अरविंद जाट, पंच गलू, दिनेश ग्रेवाल, उमेश कुमावत, दिलीप गिरवाल, गिरधारी देवदा, सोनू निगम, रोशन गामड़, अंकित राठौड़, जीवन कुमावत, विवेक राठौड़, आशीष सेन, राजू गिरवाल, लाला बारिया, बबलू बारिया, शुभम बैरागी, मुन्ना ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



















