सरदारपुर। मध्य प्रदेश शासन वन विभाग के वनमण्डल धार द्वारा ‘वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट’ (WCT) के सहयोग से उप वनमण्डल सरदारपुर में 10 और 11 अगस्त को ‘वन्यजीव संरक्षण एवं वन्यजीव अपराध नियंत्रण’ विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यशाला वनमण्डलाधिकारी विजयानंथम् टी.आर. एवं उप वनमण्डलाधिकारी सरिता ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में ‘वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट’ के वरिष्ठ प्रशिक्षक संजय ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने वनकर्मियों को वन्यजीव अपराधों की रोकथाम, वैज्ञानिक एवं कानूनी जांच प्रक्रियाओं, साक्ष्यों के संकलन, गश्त तकनीकों तथा वन्यजीव कानून के प्रभावी प्रवर्तन विषय पर व्यावहारिक एवं गहन प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में सरदारपुर, कुक्षी, बाग एवं टांडा परिक्षेत्रों के परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) सहित लगभग 40 वन स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यशाला में वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखना। वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार रोकने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाना। वन अमले को नए तकनीकों और कानूनों से अपडेट कर उनकी कार्यकुशलता बढ़ाना तथा “आज संरक्षण, कल सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला के समापन पर उपस्थित वन अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से मैदानी अमले की कार्यक्षमता मजबूत होगी तथा धार जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा और अपराधों के नियंत्रण में प्रभावी मदद मिलेगी।


















