तिरला स्कूल की अव्यवस्थाओं से नाराज छात्र-छात्राएं रैली निकालकर सरदारपुर रवाना हुए: तीन किमी दूर अधिकारियों ने रोककर दिया आश्वासन, तहसीलदार ने स्कूल का निरीक्षण कर दिए निर्देश

राजगढ़। शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल तिरला में मूलभूत सुविधाओं की कमी और व्यवस्थाओं से नाराज विद्यार्थियों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय सरदारपुर के लिए निकल पड़े। विद्यार्थियों के रैली निकालने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हलचल मच गई। अधिकारी तत्काल ग्राम तिरला पहुंचे और गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर विद्यार्थियों को रोककर उनसे चर्चा की। अधिकारियों की समझाइश के बाद सभी विद्यार्थी वापस स्कूल लौटे।

दरअसल, मंगलवार सुबह शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल तिरला के विद्यार्थी स्कूल की मूलभूत सुविधाओं को लेकर लामबंद हो गए। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर की सफाई, शौचालयों की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। इसके बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में सरदारपुर के लिए रवाना हो गए। जैसे ही इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली, तहसीलदार महेश सिंह सोलंकी, राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार, बीईओ वीरसिंह राजपूत और बीआरसी महेंद्र सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर विद्यार्थियों को रोककर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल में व्याप्त अव्यवस्थाओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद अधिकारी विद्यार्थियों के साथ स्कूल पहुंचे और उन्हें समस्याओं के निराकरण का आश्वासन देकर समझाइश दी।

प्राचार्य को हटाने की भी कर रहे थे मांग –
बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों की नाराजगी का एक कारण स्कूल के प्राचार्य को लेकर भी था। विद्यार्थी प्राचार्य को हटाने की मांग कर रहे थे। जानकारी के अनुसार संबंधित प्राचार्य का प्रमोशन होने के बाद उन्हें राजगढ़ स्कूल भेज दिया गया था, हालांकि तिरला स्कूल का अतिरिक्त प्रभार उनके पास था। विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक को प्राचार्य का दायित्व सौंपने का प्रस्ताव तैयार कर जिले के अधिकारियों को भेजा है।

अधिकारियों ने स्कूल का निरीक्षण कर दिए निर्देश –
मामले में तहसीलदार महेश सिंह सोलंकी ने बताया कि तिरला हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गई हैं। साथ ही स्कूल का निरीक्षण भी किया गया। मौके पर मौजूद बीईओ और स्कूल स्टाफ की बैठक लेकर विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!