

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना का काम 19 जिला मुख्यालयों में चल रहा है। कोरोना संक्रमण के लिए तय की गई गाइड लाइन का पालन करते हुए मतगणना की जा रही है। उपचुनाव के परिणामों से शिवराज सरकार के 12 मंत्रियों का भविष्य भी तय होगा। ये मंत्री हैं-इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, बिसाहूलाल सिंह, डॉ.प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसौदिया, एदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, बृजेंद्र सिंह यादव, गिर्राज डंडौतिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया। उपचुनाव के दौरान गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट ने इस्तीफा दे दिया था। चुनाव आयोग ने मतगणना से लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतों की गणना डाक मतपत्रों के साथ शुरू हुई। इसके आधा घंटे बाद साढ़े आठ बजे से इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों को गिनना शुरू किया गया।