

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मंडियों और समर्थन मूल्य व्यवस्था को बंद करने वाली बातें भ्रामक और असत्य हैं। किसान इन बातों पर ध्यान न दें। प्रदेश में 50 वर्षो से एक-दो एकड़ कृषि भूमि पर काबिज परिवारों को पट्टे दिए जाएंगे। भूमि सम्बन्धी सभी रिकार्ड के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शीघ्र की जाएगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को सीहोर जिले के नसरुल्लागंज में 5 लाख किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 100 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करने के बाद सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
किसानों ने किया कृषि कानूनों का पुरजोर समर्थन –
पूरे प्रदेश के किसानों से सीधे जुड़े मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कृषकों से कृषि कानूनों पर चर्चा की और किसानों ने कृषि कानूनों का जोरदार स्वागत और समर्थन करते हुए तालियां बजाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इन कानूनों से प्रदेश के लाखों किसानों के जीवन मे क्रांतिकारी बदलाव आएगा और 2022 तक किसानों की आय दोगुनी होगी।
42 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण तथा 53 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 42 करोड़ की लागत के 10 विकास और निर्माण कार्यो का लोकार्पण तथा 53 करोड़ से अधिक के 10 निर्माण कार्यो का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने नसरुल्लागंज अस्पताल के विस्तार के लिए 11 करोड़ रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने अनेक हितग्राहियों को मत्स्य और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया तथा मुख्यमंत्री पथ विक्रेता निधि योजना की राशि के चैक भी वितरित किये। विश्व विकलांग दिवस पर उन्होंने 50 दिव्यांगों को बैटरी और रिवर्स गेयर की सुविधायुक्त ट्रायसिकल भी भेंट की।