

राजगढ़। बीती रात्रि में जैन तीर्थ मोहनखेड़ा के संत आचार्य श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वर जी का निधन हो गया है। मोहनखेड़ा तीर्थ पर उनका पार्थिव देह गुरुभक्तों के दर्शन के लिए पाट पर स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित अनेक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा श्रधांजलि का दौर जारी है। आचार्य श्री का अंतिम संस्कार ट्रस्ट द्वारा आज शाम करने का निर्णय लिया गया था। लेकिन अब ट्रस्ट ने उनका अंतिम संस्कार करने का निर्णय कल सुबह का लिया है। ट्रस्ट द्वारा जारी किए गए आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रशासन की अनुमति अनुसार समय मे आंशिक परिवर्तन करते हुए। केंद्र व राज्य सरकार के कोरोना प्रोटोकॉल के निर्देशानुसार आचार्य श्री का अग्नि संस्कार मोहनखेड़ा तीर्थ पर कल 4 जून प्रातः 6 बजे केवल ट्रस्ट के पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। गुरुभक्तों हेतु अंतिम दर्शन व अंतिम संस्कार लाइव किए जावेंगे।
