
राजगढ़। माध्यमिक शिक्षा विभाग में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के चलाए जा रहे विज्ञान में नवप्रवर्तन कार्यक्रम इंस्पायर अवार्ड 2022-23 योजना में धार जिले से 15 विद्यार्थी चयनित हुए है। जिसमें सरदारपुर तहसील की वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाली संस्था ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल के तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ। कक्षा 10 की बालिका लतिका प्रेमचंद सोलंकी, जीवन हरिराम गेहलोत तथा राज प्रेमचंद सोलंकी सम्मिलित है। इंस्पायर अवार्ड में चयनित विद्यार्थी अपना -अपना मॉडल प्रस्तुत करेंगे हालांकि अभी प्रदर्शनी का आयोजन कब होगा यह तय नहीं है।
संस्था के प्रशासक प्रेम कुमार वैद्य ने बताया कि संस्था कई प्रयोजनों के माध्यम से वैज्ञानिक गतिविधि लगातार करवा रहीं है। जिसमें देश के वैज्ञानिक जिन्होंने देश को आज इस मुक़ाम तक पहुँचाया है। उनपर विस्तृत चर्चा करना भी शामिल है, इसके साथ ही संस्था के दो बच्चे माधुरी कुंदन प्रजापति और गार्गी महेंद्र शर्मा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की व्याख्यान माला में भी हिस्सा लिया था। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था।
संस्था के प्राचार्य अली ने बताया कि विद्यालय में छोटे बच्चों में ही हम वैज्ञानिक नींव रखते है ताकि आने वाले समय में बच्चे देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके। विद्यालय के व्याख्याता डेटा साइंटिस्ट राहुल व्यास ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया तथा 5 जी की सर्वप्रथम खोज करने वाले जेसी बोस पर अपना प्रकाश डाला। अभी वर्तमान में चयनित विद्यार्थियों के गाइड शिक्षक के रूप में भी राहुल व्यास है इसके पहले भी वैज्ञानिक गतिविधि तथा वैज्ञानिक कार्यक्रम जो भारत सरकार द्वारा आयोजित करवाये जाते है उनमें भी सहभागिता होती है तथा आमंत्रित किया जाता है। विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय में ख़ुशी की लहर है। समस्त स्टाफ तथा समिति ने विद्यार्थियों को बधाई दी। उक्त जानकारी संस्था के उपप्राचार्य शंकर सिंधड़ा ने दी ।