Homeचेतक टाइम्सराहुल गांधी ने संभाला कांग्रेस अध्यक्ष का पद, अध्यक्ष बनने के बाद...

राहुल गांधी ने संभाला कांग्रेस अध्यक्ष का पद, अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में राहुल ने कहा – भाजपा पूरे देश में आग और हिंसा फैला रही है जिसे कांग्रेस का कार्यकर्ता ही रोक सकता है

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल लिया। वह 11 दिसंबर को ही अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे, आज उन्होंने सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मौजूदगी में औपचारिक तौर पर पार्टी की कमान अपने हाथों में ली। इस दौरान पार्टी दफ्तर के बाहर जश्न का माहौल रहा, कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस किया और लोकगीत गाए। बतौर अध्यक्ष अपने पहले भाषण में राहुल ने बीजेपी और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में आग और हिंसा फैलाई जा रही है।
कांग्रेस दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष एम. रामचन्द्रन ने राहुल को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का सर्टिफिकेट सौंपा। इस दौरान मंच पर सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, मोतीलाल वोरा, मधुसूदन मिस्त्री, जनार्दन द्विवेदी मौजूद रहे। अपने संबोधन में राहुल ने बीजेपी और मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री देश को पीछे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा, एक बार आग लग जाती है तो उसे बुझाना मुश्किल होता है। यही हम बीजेपी के लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। एक बार आपने देश में आग लगा दी तो उसे बुझाना मुश्किल होता है। पूरे देश में आग और हिंसा फैलाई जा रही है। पूरे देश में सिर्फ एक शक्ति है जो इसे रोक सकती है और वह है कांग्रेस का प्यारा कार्यकर्ता। वे तोड़ते हैं, हम जोड़ते हैं। वे आग लगाते हैं, हम बुझाते हैं। वे गुस्सा करते हैं, हम प्यार करते हैं।
इस दौरान उन्होंने बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत नारे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, हम बीजेपी के लोगों को भी भाई-बहन मानते हैं। वे हमें मिटाना चाहते हैं। हम ऐसा नहीं सोचते। हम नफरत का मुकाबला नफरत से नहीं करते, प्यार से करते हैं। हम बीजेपी की विचारधारा से सहमत नहीं, पर उनसे नफरत नहीं करते। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज के दिन को खास बताते हुए सोनिया गांधी के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने कहा, आज का दिन कांग्रेस पार्टी के इतिहास में विशिष्ट है। श्रीमती सोनिया गांधी पिछले 19 सालों से पार्टी की नेता रहीं। इस दौरान उन्होंने मजबूत नेतृत्व प्रदान किया। सोनिया की मजबूत लीडरशिप कांग्रेस के इतिहास में हमेशा याद की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!